Saturday, March 28, 2009

* नियम और शर्ते लागू

अजय त्रिपाठी

राजनीति के बाजार में आजकल नए - नए प्रोडक्ट सामने आ रहे है. मतदाताओं को उपभोक्ता समझ कर राजनीतिक पार्टियाँ लुभावने नारों के साथ मनभावन योजनायें भी पेश कर रही है. कांग्रेस कह रही है कि हमको वोट करोगे तो तीन रुपये किलो अनाज देंगे........वहीँ बीजेपी के पीएम इन वोटिंग लालकृष्ण अडवाणी तो देश भर के मोबाइल उपभोक्ताओं को एसएमएस करके शपथ ले रहे हैं कि अब हर लाडली लक्ष्मी होगी.......बस वोट हमको देना.
देश के इस आम चुनाव में राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव प्रचार के लिए मल्टी नेशनल कंपनियों जैसा तौर-तरीका अपनाया है लेकिन वे अपनी लोक-लुभावन योजनाओं का प्रचार करते समय -" नियम और शर्ते लागू " लिखना भूल गयी है.अमूमन कारपोरेट घराने अपने प्रोडक्ट का विज्ञापन करते समय जब कोई योजना सामने लाते है तो उसमे स्टार ( * ) लगाकर " नियम और शर्ते लागू " लिखना कभी नहीं भूलते. दरअसल योजना बताई कुछ और जाती है लेकिन उसके भीतर का सच कुछ और होता है.
ऐसा ही कुछ कांग्रेस और बीजेपी की योजनाओं में भी छिपा है. न तो कांग्रेस सत्ता में वापस लौटने पर देश के हर गरीब को तीन रुपये किलो अनाज दे सकती है और न ही बीजेपी के पीएम इन वोटिंग लालकृष्ण अडवाणी देश की हर लड़की को एक लाख का चेक देकर लाडली लक्ष्मी बना सकते है.चुनाव जीतने के तत्काल बाद ही ये दल गिरगिट की तरह रंग बदल लेंगे और उपभोक्ता बाजार की तरह इनकी योजनाओं में भी " नियम और शर्ते लागू " हो जाएँगी.
नेताओं के भाषण, रैली और क्रियाकलापों पर नुक्ताचीनी करने वाले निर्वाचन आयोग को ये भी देखना चाहिए की राजनीतिक दल और उसके नेता मतदाताओं को अपनी गलत या आधी-अधूरी लोक-लुभावन योजनाओं से प्रभावित करने की कोशिश न करें.यदि अपने पोलिटिकल प्रोडक्ट में कुछ छिपाना भी है तो कृपया " नियम और शर्ते लागू " जरूर लिखे.

1 comment:

  1. well done. sir,you rase the good issue. our leader only run for chair. they use voters like a product. before election use them and after election throw them in dustbeen. no body put the solution for terrisom, infrastructure and development.

    ReplyDelete